अखिलेश यादव 26 नवंबर को जारी करेंगे पार्टी का मेनिफेस्टो:संविधान दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय पर बड़े आयोजन की तैयारी में सपा

Oct 19, 2026 - 10:24
0
अखिलेश यादव 26 नवंबर को जारी करेंगे पार्टी का मेनिफेस्टो:संविधान दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय पर बड़े आयोजन की तैयारी में सपा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करेंगे। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। पार्टी इस मौके पर लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में बड़े आयोजन की तैयारी कर रही है। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि… सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र। संविधान दिवस 26 नवंबर के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे जन-मन का मैनीफेस्टो। संविधान दिवस के बहाने पीडीए को एक जुट करने पर जोर समाजवादी पार्टी ने मेनिफेस्टो जारी करने के लिए संविधान दिवस का चयन किया है। पार्टी की राजनीति में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग प्रमुख केंद्र में है। ऐसे में पीडीए का प्रणपत्र नाम के जरिए सपा इन वर्गों से जुड़े मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से देगी। संविधान दिवस के मौके पर मेनिफेस्टो जारी करने से पार्टी को सामाजिक न्याय, समान अवसर, लोकतांत्रिक अधिकार और संविधान में दिए गए मूल्यों जैसे मुद्दों को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में लाने का मौका मिलेगा। हालांकि, प्रणपत्र में किन-किन मुद्दों को शामिल किया जाएगा और जनता से कौन से वादे किए जाएंगे, इसका खुलासा 26 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में होगा, लेकिन मोटे तौर पर पुरानी पेंशन स्कीम, कन्याविद्या धन योजना, लैपटाप वितरण योजना, महिलाओं के खातों में 40 हजार रुपये और बेरोजगारी भत्ते जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को मैनिफेस्टो में शामिल किया जा सकता है। 2027 के चुनाव के लिए एजेंडा तय करने की तैयारी विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी भी संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के बीच अपनी नीतियों और भावी योजनाओं को पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। मेनिफेस्टो जारी करने की तारीख का ऐलान इसी तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है। सत्ताइस का संकल्प शीर्षक के जरिए सपा ने अपने राजनीतिक लक्ष्य को सीधे 2027 के चुनाव से जोड़ा है। वहीं, ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ नाम से यह संदेश देने की कोशिश है कि पार्टी का चुनावी दस्तावेज जनता की अपेक्षाओं और मुद्दों पर केंद्रित होगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी अपने प्रणपत्र में रोजगार, शिक्षा, किसानों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक सुरक्षा और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को किस तरह जगह देती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User