अखिलेश यादव ने लोहिया की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण:बोले- SIR के बाद भी डबल-ट्रिपल वोट, आजमगढ़ में एक व्यक्ति के 10 वोट
लखनऊ में सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि SIR के बाद भी कई विधानसभा क्षेत्रों में डबल-ट्रिपल वोट हैं। आजमगढ़ सदर में एक व्यक्ति के 10 वोट होने की बात कही। अखिलेश यादव और शिवपाल यादव गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। यहां उन्होंने लोहिया के समाजवाद को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अखिलेश यादव ने कहा, आज हम सब मिलकर डॉ. राम मनोहर लोहिया को याद कर रहे हैं। लोहिया जी ने समाजवाद का जो रास्ता दिखाया, उसे जमीन पर उतारने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने समृद्धि का रास्ता दिखाया और भेदभाव मिटाने की बात कही। हम सब मिलकर इस दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने और भेदभाव मिटाने के लिए लोहिया जी ने काम किया। हम बाबा साहब के संविधान, लोहिया जी के समाजवाद और नेताजी के संघर्ष को याद करते हैं। 2 तस्वीरें देखिए… SIR के बाद भी डबल-ट्रिपल वोट होने का दावा अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया पर काफी पैसा खर्च हुआ, लेकिन इसके बाद भी कई विधानसभा क्षेत्रों में डबल और ट्रिपल वोट होने की जानकारी मिली है। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास यादव नाम के एक व्यक्ति के 10 वोट हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे वोटों की जानकारी जुटाई है। इस मुद्दे पर जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। अखिलेश ने चुनाव आयोग से कहा कि उसे स्पष्ट करना चाहिए कि वह भाजपा के लिए काम नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर 200 वोट बढ़वाए गए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा की सदस्यता और नागरिकता को जोड़कर देखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की कथित धांधली को चलने नहीं देगी। दिल्ली में पत्रकारों पर हमले का मुद्दा उठाया अखिलेश यादव ने दिल्ली में पत्रकारों पर हमले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग पुलिस की वर्दी पहनकर विपक्ष के कार्यकर्ताओं पर हमला करवा रहे हैं। इसकी तुलना करते हुए उन्होंने हिटलर के दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस प्रदर्शन रोकेगी, तब भी समाजवादी पार्टी अपना विरोध दर्ज कराएगी, लेकिन कानून नहीं तोड़ेगी। ओवैसी के बयान पर बोले- PDA सपा के साथ ओवैसी के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि PDA पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चुनाव के समय पैसा बांटने की कोशिश करेगी, लेकिन उसे महंगाई दर की चिंता नहीं है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि लोग पढ़ें-लिखें, क्योंकि शिक्षित लोग सवाल पूछते हैं और तर्क रखते हैं। लोहिया पार्क पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग भी यहां ऑक्सीजन लेने आते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)