अलीगढ़ में महिला से 6 लाख की ठगी:निवेश में मुनाफे का झांसा देकर जाल में फंसाया, केस दर्ज
अलीगढ़ में साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक महिला से 6 लाख 204 रुपए ठग लिए। महिला ने फेसबुक पर विज्ञापन देखकर निवेश किया था। शुरुआत में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। बाद में प्लेटफॉर्म भी बंद हो गया। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फेसबुक के विज्ञापन से फंसी महिला क्वार्सी क्षेत्र के धौरा माफी स्थित मुजक्किल अपार्टमेंट निवासी रौशन अरा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फेसबुक पर शेयर बाजार में निवेश से मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखा था। लिंक खोलने पर INDIVESTA.COM नाम का पेज खुला। यहां रजिस्ट्रेशन करने के बाद उन्हें विदेशी नंबरों से फोन आने लगे। कॉल करने वालों ने निवेश करने और मुनाफा कमाने का तरीका बताया। 5 बार में ट्रांसफर किए 6 लाख रुपए शिकायत के मुताबिक, 22 जनवरी से 1 मई 2026 के बीच महिला ने 5 बार में IMPS और UPI के जरिए कुल 6,00,204 रुपए ट्रांसफर किए। शुरुआत में प्लेटफॉर्म पर मुनाफा दिखाया गया। इससे उन्हें रकम बढ़ने की उम्मीद हुई। जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। कुछ समय बाद प्लेटफॉर्म भी बंद हो गया। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज महिला ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद शुक्रवार देर शाम साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)