दशहरे की तैयारी तेज, रावण के 200 पुतले तैयार:लखनऊ में कहीं 4 तो कहीं 40 फीट के रावण, ऊंचाई से तय हो रही कीमत

Oct 17, 2026 - 08:03
0
दशहरे की तैयारी तेज, रावण के 200 पुतले तैयार:लखनऊ में कहीं 4 तो कहीं 40 फीट के रावण, ऊंचाई से तय हो रही कीमत
लखनऊ में नवरात्रि के साथ दशहरे की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शहर में जगह-जगह दुर्गापूजा और रामलीला का मंचन हो रहा है। दशहरा नजदीक आते ही शहर में रावण के पुतले तैयार करने का काम तेज हो गया है। पॉलिटेक्निक चौराहे से लेकर डालीगंज बांस मंडी और पुरनिया तक कारीगर दिन-रात पुतले बनाने में जुटे हैं। कहीं 4 फीट का रावण तैयार हो रहा है तो कहीं 32 से 40 फीट तक के पुतलों के ऑर्डर मिले हैं। कारीगरों के मुताबिक, अब तक छोटे-बड़े मिलाकर करीब 200 पुतले तैयार हो चुके हैं। इनकी ऊंचाई 4 से 40 फीट तक है। कुछ कारीगर 80 फीट तक के पुतले बनाने की क्षमता भी बताते हैं। कीमत 100 रुपए से शुरू होकर 20 हजार रुपए या इससे अधिक तक पहुंचती है। पुतले का आकार, गोलाई और ग्राहक की मांग कीमत तय करते हैं। डालीगंज में यह काम करीब 100 से 150 साल से चला आ रहा है। देखिए 3 तस्वीरें… ऑर्डर के हिसाब से बनता है पुतले का ढांचा पॉलिटेक्निक चौराहे के पास राजा भैया सात साल से पुतले बना रहे हैं। उनके यहां चार से 20 फीट तक के पुतले तैयार होते हैं। कीमत 200 रुपए से शुरू होकर 10 हजार रुपए तक जाती है। ग्राहक की जरूरत के अनुसार पुतला तैयार कर सौंप दिया जाता है। इसी क्षेत्र में काम करने वाले मोबीन ने बताया कि उनकी टीम पांच से 80 फीट तक के पुतले बना सकती है। हालांकि, अब तक अधिकतम 20 फीट का पुतला तैयार किया गया है। उनके मुताबिक, 20 फीट के पुतले की कीमत करीब 10 हजार रुपए से शुरू होती है। डालीगंज में विरासत के साथ चल रहा कारोबार डालीगंज बांस मंडी में पुतले बनाने का काम कई पीढ़ियों से हो रहा है। महाराजा सुहेलदेव युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील रावत ने बताया कि उनके पूर्वज भी यही काम करते थे। यहां 20, 24 और 25 फीट तक के पुतले बनाने के ऑर्डर मिलते हैं। कीमत दो हजार से 20 हजार रुपए तक रहती है। जरूरत पड़ने पर कारीगर पुतले आयोजन स्थल तक पहुंचाते भी हैं। डालीगंज के सद्दाम पिछले 15 साल से पुतले बना रहे हैं। वे तीन से 40 फीट तक के पुतले तैयार करते हैं। इनके ढांचे में बांस और तार का इस्तेमाल होता है। बड़े पुतलों की गोलाई करीब 14 फीट तक रखी जाती है। छोटे पुतलों की कीमत 100 रुपए से शुरू होती है। बड़े आकार के पुतलों के दाम 20 हजार रुपए या इससे अधिक तक पहुंचते हैं। इस बार उन्हें 32 फीट तक के पुतले बनाने का ऑर्डर मिला है। पांच घंटे में तैयार होता है 15 फीट का पुतला पुरनिया के संतोष साहू पिछले पांच साल से पुतले बना रहे हैं। वे दो से 25 फीट तक के पुतले तैयार करते हैं। संतोष के मुताबिक, 15 फीट का पुतला बनाने में करीब पांच घंटे लगते हैं। उनके यहां कीमत लगभग 100 रुपए प्रति फीट के हिसाब से तय होती है। पॉलिटेक्निक, मड़ियांव और एलडीको बिल्डिंग समेत कई इलाकों के लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं। अभिनंदन ने 300 रुपए में रावण का पुतला खरीदा। उन्होंने बताया कि वे पिछले छह-सात साल से रावण दहन कर रहे हैं। दूसरी जगहों पर कीमत ज्यादा मिलने के कारण उन्होंने यहां से पुतला लिया। नाका हिंडोला के विमल राजपूत ने डालीगंज बांस मंडी से तीन पुतले खरीदे। इनमें दो सात-सात फीट और एक आठ फीट का है। तीनों के लिए उन्होंने करीब छह से साढ़े छह हजार रुपए खर्च किए। देखिए 2 तस्वीरें… समय पर ऑर्डर पूरा करने की चुनौती कारीगरों के सामने अब समय पर ऑर्डर पूरा करने की चुनौती है। पुतले की ऊंचाई बढ़ने के साथ बांस, तार और उसे तैयार करने में लगने वाला श्रम भी बढ़ता है। इसलिए ग्राहक पहले अपना बजट और आयोजन की जरूरत बताते हैं, फिर उसी के अनुसार पुतले का आकार तय होता है। कारीगरों ने बताया कि दशहरा शुरू होने से पहले ही उन्हें ऑर्डर मिलने शुरू हो जाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User