अलीगढ़ में सरेराह युवती से छेड़छाड़ का आरोप:बाजार जाते समय रास्ते में घेरा, विरोध पर भाई को पीटा; मंदिर के पुजारी समेत 5 पर FIR
अमीर निशा मार्केट में भाई के साथ खरीदारी करने गई युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शहर के एक प्रमुख मंदिर के पुजारी रजत गोस्वामी ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर युवती और उसके भाई का रास्ता रोका। युवती ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से उस पर शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर भाई-बहन को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार रात नामजद आरोपी समेत पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
6 अक्टूबर की घटना, कई दिन बाद दी शिकायत
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, घटना 6 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे की है। युवती अपने भाई के साथ अमीर निशा मार्केट में खरीदारी करने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान रजत गोस्वामी अपने 3-4 साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों का रास्ता रोक लिया। युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके भाई के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और बीच-बचाव कराया।
युवती के मुताबिक, आरोपी जाते समय उस पर शादी करने का दबाव बनाकर धमकी देकर गए। घटना के बाद वह दहशत में रही और कई दिन तक पुलिस से शिकायत नहीं की। शुक्रवार को वह थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उस पर दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां मिल रही हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।
घटना वाले दिन दूसरे पक्ष ने भी की थी शिकायत
मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। जिस दिन मारपीट की घटना हुई थी, उसी दिन दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। ऐसे में पुलिस के सामने दोनों पक्षों की शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करना अहम होगा। सिविल लाइंस पुलिस ने युवती की शिकायत पर नामजद आरोपी और उसके 3-4 अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)