अम्बेडकरनगर में 50 गांवों में 'जल अर्पण' कार्यक्रम होगा:हर घर जल योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, 353 ओवरहेड टैंक बने

Oct 03, 2026 - 07:46
0
अम्बेडकरनगर में 50 गांवों में 'जल अर्पण' कार्यक्रम होगा:हर घर जल योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, 353 ओवरहेड टैंक बने
अम्बेडकरनगर में धनतेरस के अवसर पर जिले के 50 गांवों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए ग्रामीणों को हर घर जल योजना के प्रति जागरूक करने के साथ पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल की जाएगी। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण और नियमित जलापूर्ति से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। जल जीवन मिशन से जुड़ी जानकारी लेने और पेयजल व सड़क पुनर्स्थापन से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए ग्रामीणों से ‘जल सारथी’ ऐप का उपयोग करने की अपील की गई है। सड़क से संबंधित शिकायत में मौके का वीडियो भी ऐप के माध्यम से अपलोड किया जा सकता है। इससे शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया में स्थल की वास्तविक स्थिति की जानकारी अधिकारियों तक पहुंच सकेगी। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता कमला शंकर ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की प्रक्रिया तेज की गई है। जिले में लक्षित 571 ओवरहेड टैंक (ओएचटी) में से 353 का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं 229 पेयजल योजनाओं के सभी कार्य पूर्ण कर उन्हें संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) के लिए हस्तांतरित किया जा चुका है। इन योजनाओं से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। वर्तमान में जिले के 1,009 गांवों में ग्रामीणों को पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। संचालित और निर्माणाधीन 1,573 ग्रामों की पेयजल योजनाओं में बचे कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता के अनुसार शेष 342 पेयजल योजनाओं को सीआईआरपी की समय-सारिणी के अनुसार पूरा कराया जा रहा है। पिछली समीक्षा के बाद जिले में 27 और ओएचटी का निर्माण पूरा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि योजनाओं के पूरा होने के साथ ही अधिक से अधिक गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User