अम्बेडकरनगर में सरयू का जलस्तर 58 सेमी घटा:गांवों में अब भी जलभराव, चारे का संकट; संपर्क मार्गों पर पानी से बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत
अंबेडकर नगर के आलापुर तहसील क्षेत्र के अराजी देवारा, माझा कम्हरिया, सिद्धनाथ समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों में शुक्रवार को सरयू नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ। नदी का जलस्तर 85.58 मीटर से घटकर 85 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि, जलस्तर कम होने के बावजूद ग्रामीणों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। निचले इलाकों में अब भी पानी भरा है और खेतों में फसलें डूबी हुई हैं। बीते दिनों सरयू का जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी भर गया था। इससे धान और गन्ने की फसल प्रभावित हुई है। देवारांचल के कई गांवों में खेतों में अब भी पानी भरा होने से फसलें डूबी हैं। किसानों के सामने फसल बचाने के साथ पशुओं के चारे का संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी कम होने के बावजूद फसलों को हुए नुकसान की भरपाई की चिंता सता रही है। वहीं, दोबारा जलस्तर बढ़ने की आशंका भी परेशानी बढ़ा रही है। संपर्क मार्गों पर पानी, स्कूल आने-जाने में दिक्कत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कई स्थानों पर संपर्क मार्गों के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे ग्रामीणों के साथ बच्चों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय खुले रहे, लेकिन पानी से प्रभावित रास्तों के कारण कुछ क्षेत्रों में बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ा जलभराव के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के चारे का संकट लगातार गहराता जा रहा है। वहीं, पानी भरे खेतों और आसपास के इलाकों में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित गांवों में तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने मेडिकल कैंप और एंटीवेनम की मांग की ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने के साथ मेडिकल कैंप लगाने और एंटीवेनम उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा मच्छरों की रोकथाम और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरयू का जलस्तर भले ही कम हो रहा है, लेकिन खेतों में पानी और बाढ़ प्रभावित रास्तों के कारण अभी सामान्य जनजीवन पटरी पर नहीं लौट सका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)