अमेठी में भाजपा नेता ने अपनी ही सरकार को घेरा:बोले- गरीबों को नहीं मिल रहा न्याय, टिकट मिलने पर चुनाव लड़ने की कही बात

Oct 15, 2026 - 16:11
0
अमेठी में भाजपा नेता ने अपनी ही सरकार को घेरा:बोले- गरीबों को नहीं मिल रहा न्याय, टिकट मिलने पर चुनाव लड़ने की कही बात
अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व महामंत्री राकेश त्रिपाठी ने अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें उन्होंने गरीबों को न्याय नहीं मिलने और प्रभावशाली लोगों पर जमीनों पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। उनके बयानों के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में राकेश त्रिपाठी कहते नजर आ रहे हैं कि गरीब लोग दशकों तक अपने काम के लिए दौड़ते रहते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोग गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों को न्याय दिलाना चाहते हैं, लेकिन इसके बावजूद जरूरतमंदों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। तिलोई की स्थिति को बताया सबसे खराब राकेश त्रिपाठी ने तिलोई विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि यहां हालात सबसे खराब हैं। तिलोई विधानसभा सीट से प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह विधायक हैं। ऐसे में भाजपा नेता के इन बयानों को क्षेत्र में सरकार और स्थानीय व्यवस्था के कामकाज पर सवाल उठाने के तौर पर देखा जा रहा है। बोले- पार्टी टिकट देती है तो जरूर लड़ेंगे चुनाव वायरल वीडियो में राकेश त्रिपाठी ने खुद को भाजपा का छोटा कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी से टिकट की मांग कर रहे हैं। यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देती है तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बयान के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने कहा कि उन्होंने राकेश त्रिपाठी का बयान देखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिलाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि राकेश त्रिपाठी वर्तमान में पार्टी के किसी पद पर नहीं हैं। राकेश त्रिपाठी के वीडियो वायरल होने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, जमीनों पर कब्जे और लोगों को न्याय नहीं मिलने से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User