अमिताभ बच्चन के गांव का पुस्तकालय दीपावली तक सुधरेगा:डीएम ने निरीक्षण कर ग्रामीणों को दिया आश्वासन, KBC में बिग-बी ने किया था जिक्र

Oct 07, 2026 - 20:46
0
अमिताभ बच्चन के गांव का पुस्तकालय दीपावली तक सुधरेगा:डीएम ने निरीक्षण कर ग्रामीणों को दिया आश्वासन, KBC में बिग-बी ने किया था जिक्र
प्रतापगढ़ के बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी में बदहाल पड़े स्व. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में बने पुस्तकालय की सूरत अब जल्द बदलने वाली है। बुधवार शाम 5:30करीब डीएम अभिषेक पांडेय ने गांव पहुंचकर पुस्तकालय का निरीक्षण किया और इसे दीपावली तक हर हाल में दुरुस्त कराकर क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। डीएम अभिषेक पांडेय सीडीओ डॉ. राममोहन मीना और रानीगंज एसडीएम अनुराग सिंह के साथ बाबूपट्टी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले स्व. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में बनाए गए पुस्तकालय की स्थिति देखी। पुस्तकालय की बदहाल स्थिति पर उन्होंने रानीगंज एसडीएम को निर्देश दिया कि पीडब्ल्यूडी से तत्काल इसका इस्टीमेट तैयार कराया जाए और दीपावली तक पुस्तकालय को पूरी तरह व्यवस्थित कराकर क्रियाशील कराया जाए। विकास कार्यों की भी जानकारी ली डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुस्तकालय को बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि गांव के बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने ग्राम प्रधान विकास यादव से गांव में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी ली। गौरतलब है कि दो अक्तूबर को सोनी टीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन ने अपने पैतृक गांव बाबूपट्टी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि गांव में उनके पिता स्व. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में पुस्तकालय बनाया गया है और इसे विकसित कराया जाएगा। साथ ही बच्चों की पढ़ाई में सुविधा के लिए जल्द पुस्तकालय की व्यवस्था बेहतर कराने की बात कही थी। इसके बाद ग्रामीणों में पुस्तकालय के कायाकल्प को लेकर उम्मीद जगी थी। डीएम के निरीक्षण से ग्रामीणों को अब पुस्तकालय के जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस दौरान नायब तहसीलदार अंकित सिंह, अमिताभ श्रीवास्तव, प्रदीप यादव, राजशेखर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User