अनाथ महिला से छेड़खानी, घर पर धमकाने का आरोप:भोगांव में युवक पर अभद्रता और धमकी का आरोप, परिवार को जान से मारने की धमकी
मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में एक अनाथ महिला ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने एक युवक पर छेड़खानी, अभद्रता और घर पर साथियों के साथ आकर धमकाने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। वह अपने भाई-बहनों के साथ रहती हैं। आरोप है कि सुमित श्रीवास्तव निवासी सुजरई, थाना कुरावली, उन्हें और उनके परिवार को अकेला समझकर लगातार परेशान कर रहा है। महिला के अनुसार, चार सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान वह शौचालय के लिए गई थीं। आरोप है कि रास्ते में आरोपी सुमित ने उन्हें अकेला देखकर अभद्र टिप्पणी की और बुरी नीयत से छेड़खानी की। इस घटना के करीब 10 दिन बाद आरोपी ने उनके भाई महानंद प्रताप को रात करीब 9:59 और 10 बजे फोन कर अपने पास बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने भाई को धमकाते हुए कहा कि यदि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई की तो वह महिला को नहीं छोड़ेगा और उसके साथ गलत काम करेगा। महिला ने आगे आरोप लगाया कि 15 सितंबर को दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे आरोपी अपने साथ आठ से दस लोगों को लेकर उनके घर पहुंचा। वहां गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। महिला का कहना है कि यह पूरी घटना पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने परिवार के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)