अंबेडकर नगर में पोषण जागरूकता रैली निकाली गई:डीएम ने दिखाई हरी झंडी, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी हुआ
अंबेडकरनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को तहसील भीटी परिसर से पोषण जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और अन्य लोगों को पोषण शपथ दिलाई गई। इसके बाद चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समुचित पोषण पर विशेष जोर दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सैम/मैम श्रेणी से स्वस्थ हुए तीन बच्चों काव्या, वंश और मो. आकिब को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों का माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरित किया गया। बच्चों के स्वस्थ होने पर उनके अभिभावकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से पोषण से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का अवलोकन किया। यहां स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजन और विभिन्न रेसिपी प्रदर्शित की गईं। जिलाधिकारी ने लोगों से स्थानीय खाद्य पदार्थों का अधिक से अधिक उपयोग कर पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार करने का आह्वान किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पर्याप्त पोषण जरूरी है। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाकर कुपोषण की स्थिति में सुधार किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)