अंबेडकरनगर में बुलडोजर थीम वाला दुर्गा पंडाल बना आकर्षण:चालक ने तैयार किया, नवरात्र पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
अंबेडकरनगर में शारदीय नवरात्र की नवमी पर मंगलवार को जिलेभर के दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से देर रात 2 बजे तक चला। इस दौरान अकबरपुर के फव्वारा तिराहे पर बुलडोजर थीम पर तैयार दुर्गा पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पंडाल में अनोखी सजावट और आधुनिक लाइटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। फव्वारा तिराहे पर बनाए गए इस पंडाल की खासियत इसकी बुलडोजर आधारित थीम है। पंडाल की बाहरी संरचना से लेकर सजावट तक में बुलडोजर की झलक दिखाई देती है। खास बात यह है कि इस अनूठी थीम को तैयार करने वाला व्यक्ति खुद पेशे से बुलडोजर चालक है। उसने अपनी कल्पनाशक्ति, हुनर और मेहनत से बुलडोजर को पंडाल की थीम में ढाल दिया। पंडाल की अनूठी बनावट लोगों को आकर्षित कर रही है। स्थानीय लोग भी इस प्रयोग की सराहना कर रहे हैं। DM-SSP ने किया निरीक्षण नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने देर रात तक विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और नगर पालिका की टीमें तैनात रहीं। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)