अंबेडकरनगर में MLC चुनाव के लिए सपा ने झोंकी ताकत:महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाकर शिक्षकों से मांगा समर्थन
अंबेडकरनगर में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के MLC प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी के समर्थन में पार्टी ने प्रचार तेज कर दिया है। सपा नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं को लामबंद करने के लिए कमान संभाल ली है। मंगलवार को पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने शिक्षकों से डॉ. संजय त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इन समस्याओं के खिलाफ शिक्षकों को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से डॉ. संजय त्रिपाठी को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि यह जीत प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संदेश देगी। त्रिभुवन दत्त ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल एक प्रत्याशी को जिताने तक सीमित नहीं है। इसके परिणाम से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भी राजनीतिक संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी शिक्षक हितों और जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता शिक्षकों से संपर्क करेंगे और उनके बीच प्रचार अभियान को गति देंगे। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, पूर्व एमएलसी अतहर खां समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं के बीच जनसंपर्क बढ़ाकर प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)