अंबेडकरनगर में शारदीय नवरात्रि पर मन्दिरों में पूजा अर्चना शुरू:मां शैलपुत्री की पूजा, घरों में कलश स्थापना; सुख-समृद्धि की कामना
अम्बेडकरनगर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जिले भर में देवी आराधना की धूम रही। सुबह होते ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घरों में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय पूजा-अनुष्ठान भी शुरू हो गए। जिला मुख्यालय अकबरपुर के साथ जलालपुर, टांडा, आलापुर, कटेहरी समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नवरात्र को लेकर उत्साह दिखाई दिया। सुबह स्नान के बाद श्रद्धालु पूजा की थाली लेकर मंदिरों में पहुंचे। कहीं घंटा-घड़ियाल की गूंज सुनाई दी तो कहीं मां के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हुआ। कई श्रद्धालुओं ने नौ दिनों तक व्रत रखने का संकल्प भी लिया। मां शैलपुत्री की आराधना से की सुख-शांति की कामना नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां की आराधना से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता का संचार होता है। इसी आस्था के साथ भक्तों ने माता रानी के चरणों में शीश नवाया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। पूजा सामग्री की दुकानों पर भी रही रौनक नवरात्र शुरू होते ही मंदिरों के आसपास और बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल, फूल-माला और फल की दुकानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। व्रत रखने वाले लोगों ने फलाहार और पूजन सामग्री की खरीदारी की। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में जिले भर में भजन-कीर्तन, दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों की रौनक रहने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)