अंकित बालियान को श्रद्धांजलि देने के लिए निकाला कैंडल मार्च:परिजनों ने फिर उठाई इंसाफ की मांग, बोले- पूरा न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई

Oct 09, 2026 - 21:18
0
अंकित बालियान को श्रद्धांजलि देने के लिए निकाला कैंडल मार्च:परिजनों ने फिर उठाई इंसाफ की मांग, बोले- पूरा न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई
शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में परिजनों की इंसाफ की लड़ाई जारी है। शुक्रवार शाम गांव बंटी खेड़ा में सैकड़ों ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर अंकित को श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, उनकी आवाज उठती रहेगी। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे कैंडल मार्च अंकित बालियान के आवास से शुरू हुआ। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर ग्रामीण बंटी खेड़ा सचिवालय तक पहुंचे। मार्च के दौरान माहौल गमगीन रहा। लोगों ने अंकित को याद करते हुए परिवार को न्याय दिलाने की मांग की और हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। 26 अगस्त को गोली मारकर की गई थी हत्या 26 अगस्त 2026 की शाम अंकित बालियान की शामली में नाला पटरी क्षेत्र स्थित श्री बालाजी जिम से निकलने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, वह वर्मा मार्केट के पास पहुंचे थे, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने हत्याकांड की जांच के लिए कई टीमें लगाईं। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए। वहीं, मामले के अन्य आरोपियों के खिलाफ संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की गई। पत्नी को 10 लाख रुपये की सहायता मंजूर इस बीच, राज्य कर विभाग ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत अंकित की पत्नी सीमा को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की स्वीकृति दी है। अपर आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी 1 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुसार, अंकित विभाग में पंजीकृत व्यापारी थे। उनकी मृत्यु के बाद विधिक वारिस की ओर से योजना के तहत दावा प्रस्तुत किया गया था। पुलिस रिपोर्ट, एफआईआर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मृत्यु प्रमाण पत्र और विधिक वारिस से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद दावा पात्र पाया गया। इसके बाद 10 लाख रुपये की बीमा राशि मंजूर की गई। यह राशि सीधे सीमा के बैंक खाते में भेजी जानी है। हालांकि, भुगतान होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजनों ने दोहराई न्याय की मांग हत्याकांड के बाद से ही अंकित के परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी पूर्ण न्याय नहीं मिला है। शुक्रवार को निकाले गए कैंडल मार्च के जरिए ग्रामीणों ने भी परिवार की मांग का समर्थन किया और प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User