अंकित हत्याकांड: 3 इनामी आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क:पुलिस ने तैयारी शुरू की, हरियाणा-पंजाब समेत 4 राज्यों में 5 टीमें दे रहीं दबिश
हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एक-एक लाख रुपये के इनामी दो शूटरों आर्यन संधू और सत्यम कादयान तथा हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले भोलू शाहपुरिया की गिरफ्तारी नहीं होने पर अब पुलिस ने उनकी संपत्ति कुर्क कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद कुर्की की कार्रवाई करेगी। फिलहाल वांछितों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। गांव बनतीखेड़ा निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली के मोहल्ला आर्यपुरी स्थित नाला पटरी पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया था। जांच के दौरान पुलिस ने शूटरों और साजिश से जुड़े आरोपियों की तलाश तेज की। दो शूटर एनकाउंटर में मारे गए हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर मोहित और सुमित 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। इसके बाद पुलिस की जांच में आर्यन संधू और सत्यम कादयान समेत अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। दोनों शूटरों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले भोलू शाहपुरिया को भी पुलिस ने एक लाख रुपये का इनामी वांछित घोषित कर रखा है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर रखा है। अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी संपत्तियों का ब्योरा जुटाने में भी लगी है। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। चार राज्यों में तलाश, पांच टीमें लगीं एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी और क्राइम ब्रांच समेत पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। टीमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों के साथ उनके संपर्कों और मददगारों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। 5 अक्टूबर की डेडलाइन दी अंकित हत्याकांड को लेकर खाप चौधरियों ने भी पुलिस-प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बनाया हुआ है। डीएम और एसपी से वार्ता के बाद खाप चौधरियों ने पांच अक्टूबर तक वांछित आरोपियों के खिलाफ संतोषजनक कार्रवाई का समय दिया था। उनका कहना था कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। न्यायालय से अनुमति मिलते ही आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)