अंकित-इसरार हत्याकांड में साधु 12 घंटे की रिमांड पर:जहर और इंजेक्शन देने वाले की तलाश; इसरार की बाइक-मोबाइल भी बरामदगी का प्रयास

Sep 25, 2026 - 07:57
0
अंकित-इसरार हत्याकांड में साधु 12 घंटे की रिमांड पर:जहर और इंजेक्शन देने वाले की तलाश; इसरार की बाइक-मोबाइल भी बरामदगी का प्रयास
बागपत के सिंगोली तगा गांव के अंकित और उसके दोस्त इसरार की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी साधु नरेश नाथ से पुलिस आज 12 घंटे तक पूछताछ करेगी। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए सवालों की सूची तैयार कर ली है। जांच के दौरान पुलिस हत्या की पूरी साजिश, जहरीले इंजेक्शन और नशीली गोलियों की व्यवस्था करने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ-साथ मृतक इसरार की बाइक और मोबाइल बरामद करने का प्रयास करेगी। पुलिस की पूछताछ का सबसे अहम बिंदु यह रहेगा कि अंकित और इसरार को नशीली गोलियां और जहरीले इंजेक्शन किसने उपलब्ध कराए थे। दोनों को 25 जुलाई को लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर में बुलाया गया था। आरोप है कि वहां उन्हें नशीली गोलियां देने के बाद जहरीले इंजेक्शन लगाए गए। इसके बाद दोनों के शव मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिए गए थे। नरेश नाथ की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह सामने आने का दावा पुलिस ने किया है, लेकिन नशीली गोलियों और जहरीले इंजेक्शन की व्यवस्था किसने की थी, यह सवाल अभी जांच में बना हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान इस कड़ी को जोड़ने की कोशिश करेगी। इसरार की बाइक और मोबाइल भी नहीं मिले इसरार की बाइक और मोबाइल फोन भी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद इन सामान को ठिकाने लगाया गया। इनकी तलाश में पुलिस ने बड़ा गांव और सकरोड के पास यमुना नदी के आसपास भी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। रिमांड के दौरान पुलिस नरेश नाथ से इन दोनों सामानों के बारे में भी पूछताछ करेगी। उसके बताए स्थानों पर तलाशी लेकर बाइक और मोबाइल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। गुमशुदगी के बाद खुला था डबल मर्डर का राज अंकित और इसरार के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 12 अगस्त को उज्जवल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया और लहचौड़ा के गणेश मंदिर परिसर से दोनों के शव बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी कृष्णा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में साधु नरेश नाथ का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। कोलकाता में साधु बनकर मांग रहा था भीख नरेश नाथ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। करीब पांच दिन पहले पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय वह साधु का भेष बनाकर भीख मांग रहा था और इसी पहचान के सहारे वहां रह रहा था। पुलिस उसे बागपत लेकर आई और पूछताछ में हत्या की वजह के बारे में जानकारी जुटाई। अंकित की बहन से संबंधों को लेकर हत्या की बात सामने आई पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नरेश नाथ ने बताया कि अंकित की बहन से उसके संबंध थे। इन्हीं संबंधों को लेकर उसने हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल नशीली गोलियां और जहरीले इंजेक्शन कहां से आए और इन्हें किसने उपलब्ध कराया, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस अब इस हिस्से की जांच पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि हत्याकांड में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। सवालों की सूची तैयार, घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि नरेश नाथ को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी। कोर्ट ने 12 घंटे की रिमांड मंजूर की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सवालों की सूची तैयार की है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हत्या की योजना, दोनों युवकों को मंदिर तक लाने, नशीली गोलियां और जहरीले इंजेक्शन की व्यवस्था, शवों को गड्ढे में दबाने और बाद में बाइक व मोबाइल को ठिकाने लगाने से जुड़े सवाल पूछेगी। इसके अलावा उसके बताए स्थानों पर जांच और बरामदगी की कार्रवाई भी की जा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User