शाहजहांपुर में दिव्यांग से सोलर पैनल के नाम पर ठगी:कागजों पर फर्जी लोन करा 7 हजार से ज्यादा की किस्त कटवाई, FIR दर्ज
शाहजहांपुर में तीन लोगों ने एक दिव्यांग को सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर उसके कागजों पर कई फर्जी लोन करा लिए। पीड़ित के खाते से 7 हजार रुपये से ज्यादा की किस्त कट गई। शिकायत के बाद पुलिस ने गुरूवार शाम एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए सोलर पैनल का कुछ सामान उसके घर पर रख दिया। उन्होंने पीड़ित से ओटीपी मांगा, जिसे उसने दे दिया। सब्सिडी का पैसा आने के बजाय पीड़ित के खाते से 7,477 रुपये की किस्त कट गई। शिकायत करने पर आरोपियों ने पैसे वापस कर दिए। हालांकि, अगले महीने फिर से किस्त कट गई। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। यह घटना बंडा थाना क्षेत्र के कुईया महोलिया गांव के बलवीर सिंह के साथ हुई। उन्होंने एफआईआर में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को सिंधौली के कुलदीप ने उन्हें तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगाने का ऑफर दिया था। कुलदीप ने बताया कि 1 लाख 89 हजार रुपये का लोन हो जाएगा और 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। साथ ही बिजली बिल भी नहीं देना होगा। 18 फरवरी 2026 को निगोही के खिरिया के विपिन और कुलदीप ने सोलर पैनल बलवीर सिंह के घर पर रख दिए। बलवीर ने पैनल के लिए 5 हजार रुपये दिए और बाकी 5 हजार रुपये सेट लगाने के बाद दिए। इसके बाद कुलदीप ने कहा कि सब्सिडी 20 से 25 दिन में खाते में आ जाएगी। फिर उन्होंने सब्सिडी चेक कराने के बहाने ओटीपी ले लिया। सुमित नाम के एक व्यक्ति ने भी ओटीपी लेकर सब्सिडी जल्द आने की बात कही। 5 अप्रैल 2026 को उनके खाते से पहली किस्त 7,477 रुपये कट गई।जब उन्होंने एक वेबसाइट पर चेक किया, तो पता चला कि उनके सिबिल स्कोर पर 4 लाख 20 हजार रुपये, 3 लाख 80 हजार रुपये और 4 लाख 5 हजार रुपये के लोन दर्ज हैं। 5 मई को फिर से उतनी ही किस्त कट गई।विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकी दी।पीड़ित ने बताया कि वह कैंसर के मरीज हैं। और चीनी मिल में 9,650 रुपये में नौकरी करते हैं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)