अंकिता भंडारी के लिए कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च:मथुरा में महिला सुरक्षा और न्याय की मांग बुलंद की
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा-वृंदावन की ओर से गुरुवार शाम 7 बजे कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की आवाज बुलंद करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पूर्व सीएलपी नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। महिलाओं की सुरक्षा किसी भी सभ्य समाज की प्राथमिक पहचान है। सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो। अंकिता को न्याय दिलाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि देश की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। अंकिता को न्याय दिलाने की मांग हर उस नागरिक की आवाज है, जो महिलाओं के अधिकारों में विश्वास रखता है। कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मांग की कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई हो और न्यायालय में दोष सिद्ध होने पर दोषियों को कठोरतम सजा मिले, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पूर्व जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। प्रत्येक बेटी को भयमुक्त वातावरण में जीवन जीने और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार है। कैंडल मार्च में कांग्रेसजनों ने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस दौरान ठाकुर नरेश पाल सिंह जसावत, मुकीम कुरैशी, गुड्डू कुरैशी, सिम्मी बेगम, अशोक शर्मा, राहुल रावड़ा, आशीष अरोड़ा, रितेश सांवल, नीरज शर्मा, कृष्ण कुमार गौतम, सलीम खान, शिखा चौधरी, विजय सिंह, राहुल अरोड़ा, राहुल चतुर्वेदी, दीपक पाठक और अनमोल चतुर्वेदी सहित महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)