अवनीश राय का अंतरराष्ट्रीय कॉमनवेल्थ गेम्सरेफरी के तौर पर चयन:अहमदाबाद में 21 से 31 अक्टूबर तक होगी कबड्डी चैंपियनशिप, प्रो कबड्डी में 3 साल का अनुभव
मऊ के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। मऊ कबड्डी एसोसिएशन के सचिव अवनीश कुमार राय का चयन गुजरात के अहमदाबाद में 21 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय कॉमनवेल्थ गेम्स की कबड्डी प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में हुआ है। इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित कुल 14 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, तंजानिया, मलेशिया, स्कॉटलैंड, युगांडा, नाइजीरिया और सिंगापुर शामिल हैं। विभिन्न देशों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में अवनीश कुमार राय का चयन मऊ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रो कबड्डी में तीन साल का अनुभव अवनीश कुमार राय पिछले तीन वर्षों से प्रो कबड्डी लीग में रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कबड्डी प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाते हुए अनुभव हासिल किया है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में चयनित होने से उनके खेल करियर को नई पहचान मिली है। खेल जगत में खुशी की लहर अवनीश कुमार राय के चयन पर घोसी के सांसद एवं मऊ कबड्डी एसोसिएशन के संरक्षक राजीव राय, एसोसिएशन के चेयरमैन राजा आनंद ज्योति सिंह, प्रवीण राय, अजय जायसवाल और हरिकृष्ण बरनवाल सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, ऑफिशियल और खिलाड़ियों ने बधाई दी है। सभी ने उनके चयन पर प्रसन्नता जताते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफल भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं। अवनीश कुमार राय के इस चयन से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है। उनकी उपलब्धि से मऊ में कबड्डी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)