अयोध्या की कल की 5 बड़ी खबरें:भाजपा नेता लल्लू सिंह ने रावण दहन किया, रामपथ पर RSS ने किया पथ संचलन
नमस्कार, अयोध्या की कल (मंगलवार) की बड़ी खबरें…अयोध्या में विजयादशमी का पर्व धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विजय दशमी के अवसर पर अयोध्या के राम पथ पर आरएसएस के गण वेश धारियों ने पथ संचलन किया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की यज्ञशाला में कन्या पूजन और भोग का आयोजन किया गया। अब सिलसिलेवार पढ़िए 5 खबरें… 1. अयोध्या में भाजपा नेता लल्लू सिंह ने रावण दहन किया, राजेंद्र निवास पर 30 फीट का रावण जला अयोध्या में विजयादशमी का पर्व धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राजेंद्र निवास चौराहे पर 30 फीट और टकसाल चौक पर 32 फीट ऊंचे रावण के पुतले बनाए गए थे। रावण दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुतलों में आग लगते ही कार्यक्रम स्थल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। राजेंद्र निवास पर भाजपा नेता लल्लू सिंह ने रावण के पुतले का दहन किया। यहां कई वर्षों से रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। इस बार प्रशासन की अनुमति के बाद राजेंद्र निवास की प्राचीन रामलीला का मंचन राम की पैड़ी पर किया गया, जबकि रावण दहन राजेंद्र निवास पर हुआ। आयोजन में अयोध्या के संतों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। पूरी खबर पढ़ें 2. अयोध्या के रामपथ पर RSS ने किया पथ संचलन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकला जुलूस विजय दशमी के अवसर पर अयोध्या के राम पथ पर आरएसएस के गण वेश धारियों ने पथ संचलन किया। इसमें सीता कांत सदन के महंत रामानुज शरण, श्रीराम आश्रम के महंत जय रामदास आदि मौजूद रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकले इस संचालन में करीब 300 लोगों की मौजूदगी रही। यह तुलसी उद्यान से लेकर हनुमानगढ़ी तक निकला। पूरी खबर पढ़ें 3. अयोध्या राम मंदिर की यज्ञशाला में 18 कन्याओं का पूजन, चुनरी ओढ़ाकर दी दक्षिणा अयोध्या में दुर्गा पूजा मेले के अंतिम दिन मंगलवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की यज्ञशाला में कन्या पूजन और भोग का आयोजन किया गया। ट्रस्टी कृष्ण मोहन, महंत दिनेंद्र दास, आचार्य इंद्र देव, केशव महाराज और ट्रस्ट के निर्माण अभियंता जगदीश शंकर आफले ने 18 कन्याओं के पैर धोकर, उन्हें चुनरी ओढ़ाई और विधिवत पूजन किया। इसके बाद भवानी सिंह राठौर ने सभी कन्याओं को दक्षिणा देकर विदा किया। शहर के GIC ग्राउंड में करीब 132 दुर्गा प्रतिमाएं एकत्र हुईं। यहां से सुबह 11 बजे विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रतिमाएं अपने पारंपरिक मार्ग चौक और रिकाबगंज होते हुए निर्मली कुंड में विसर्जित की गईं। विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को 6 जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया था। पूरी खबर पढ़िए 4. बसपा राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद 20 नवंबर को अयोध्या आएंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे अयोध्या में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अपना जनाधार बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने स्थानीय नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 20 नवंबर को राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद की जनसभा के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी है। अयोध्या जिले की पांच विधानसभा सीटों पर बसपा पिछले तीन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत सकी। वर्ष 2012 में चार सीटों पर सपा और एक पर भाजपा जीती थी। 2017 में भाजपा ने सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, 2022 में भाजपा को तीन और सपा को दो सीटें मिलीं। पूरी खबर पढ़ें 5. अयोध्या में मौसम बदलते ही सर्दी-जुकाम, खांसी-बुखार के मरीज बढ़े; प्लेटलेट्स घटने की शिकायत बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद अयोध्या में मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। दीपोत्सव के पहले सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राजकीय श्री राम चिकित्सालय में भी इन समस्याओं से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स की संख्या कम होने की शिकायत भी सामने आ रही है। राजकीय श्री राम चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा ने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पूरी खबर पढ़ें
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)