अयोध्या में 1100 दीप जलाकर मां महागौरी की पूजा:480 पंडालों में उमड़े श्रद्धालु, एसडीएम-सीओ ने सुरक्षा जांची

Oct 18, 2026 - 22:32
0
अयोध्या में 1100 दीप जलाकर मां महागौरी की पूजा:480 पंडालों में उमड़े श्रद्धालु, एसडीएम-सीओ ने सुरक्षा जांची
शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार की शाम से ही अयोध्या जिले के मिल्कीपुर क्षेत्र में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की धूम देखी जा रही है। मंदिरों से लेकर दुर्गा पूजा पंडालों तक श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां महागौरी की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मिल्कीपुर सर्किल क्षेत्र में 480 स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान खण्डासा थाना क्षेत्र के पूरावली गांव में ग्रामीणों ने 1100 दीप जलाकर मां दुर्गा की आराधना की। दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस सतर्क रही। स्थानीय पुलिस की ओर से लगातार गश्त की जा रही है। वहीं, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा और पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पियूष पाल रविवार शाम से ही क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास की व्यवस्थाओं पर नजर रखी, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा और क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश पटेल तथा पुलिस बल के साथ राजघाट स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्थाओं और संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को विसर्जन स्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्र और विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User