अयोध्या में छोटी नहर की पटरी पर मिली लाश:गले और सिर पर कट के निशान, गले में लिपटा मिला गमछा
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के किशुनदासपुर के पास छोटी नहर की पटरी पर बुधवार की शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के गले और सिर पर कट के निशान मिले हैं। उसके गले में गमछा भी लिपटा हुआ था। शव की स्थिति और शरीर पर मिले निशानों को देखते हुए युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पहुंची दर्शन नगर चौकी पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, किशुनदासपुर के पास छोटी नहर की पटरी पर लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव के बारे में जानकारी जुटाई। युवक के गले और सिर पर कट के निशान पाए गए हैं। वहीं, गले में गमछा लिपटा होने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वारदात को कहां अंजाम दिया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ युवक की शिनाख्त कराने में लगी है। पहचान होने के बाद ही उसके निवास स्थान, परिजनों और घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया की पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के पीछे की वजह, शव को नहर की पटरी पर फेंके जाने की आशंका और इसमें किसी की संलिप्तता की जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस की जांच और मृतक की पहचान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)