अयोध्या में डीएम-एसएसपी ने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया:रेछघाट और मां कामाख्या धाम घाट पर व्यवस्थाएं परखीं, कमियां दूर करने के निर्देश दिए

Oct 10, 2026 - 14:19
0
अयोध्या में डीएम-एसएसपी ने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया:रेछघाट और मां कामाख्या धाम घाट पर व्यवस्थाएं परखीं, कमियां दूर करने के निर्देश दिए
अयोध्या में नवरात्र और दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने रुदौली तहसील क्षेत्र के बाबा बाजार थाना अंतर्गत रेछघाट और मां कामाख्या धाम घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रुदौली तहसील क्षेत्र में 261 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इसे देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी प्रतिमा स्थापना स्थलों से लेकर विसर्जन स्थलों तक की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में जिलाधिकारी और एसएसपी ने गोमती नदी स्थित रेछघाट तथा मां कामाख्या धाम घाट पर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर मौजूद कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मां कामाख्या धाम में निर्माणाधीन परिक्रमा मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में मिली कमियों को दूर करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और विसर्जन प्रक्रिया को सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User