अयोध्या में दीपोत्सव के लिए टेंडर प्रक्रिया:एक सप्ताह में पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया, इसके बाद शुरू होंगे सजावट और अन्य कार्य
अयोध्या रामनगरी में दुर्गा पूजा और दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने कमर कस ली है। दुर्गा पूजा पंडालों में साफ-सफाई और जरूरी सिविल कार्य पूरे करा लिए गए हैं। वहीं, दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए सजावट और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी तेज कर दी गई है। नगर निगम के साथ संबंधित विभाग आयोजन को लेकर सक्रिय हो गए हैं। दीपोत्सव के लिए पांच टेंडर जारी करने की तैयारी नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन विभाग की ओर से पांच टेंडर जारी किए जा रहे हैं। इनमें तेल, दीया-बाती, टेंट, पंडालों की सजावट और खान-पान की सामग्री से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह में सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद संबंधित कार्य शुरू कराए जाएंगे, ताकि दीपोत्सव के आयोजन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी हो सकें। पारंपरिक उत्साह के साथ मनेगा दीपोत्सव नगर आयुक्त के मुताबिक, इस वर्ष भी अयोध्या में दीपोत्सव पारंपरिक उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर रखने पर जोर दिया जा रहा है। दुर्गा पूजा और दीपोत्सव के दौरान साफ-सफाई समेत जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है। नगर निगम की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे दीपोत्सव और अन्य त्योहारों को सुरक्षित तरीके से मनाएं। त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)