फर्रुखाबाद में संविदा कर्मचारियों ने थाली-शंख बजाकर जताया विरोध:कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे, 8 अक्टूबर से सीएमओ कार्यालय पर चल रहा धरना

Oct 15, 2026 - 16:11
0
फर्रुखाबाद में संविदा कर्मचारियों ने थाली-शंख बजाकर जताया विरोध:कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे, 8 अक्टूबर से सीएमओ कार्यालय पर चल रहा धरना
फर्रुखाबाद में समान काम-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। गुरुवार को संविदा कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय परिसर में थाली, कटोरी और शंख बजाकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर पुलिस बल भी तैनात रहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले जिलेभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी सीएमओ कार्यालय पर धरना दे रहे हैं। धरना सुबह 10:30 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलता है। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे कर्मचारियों ने थाली और कटोरी बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने शंख भी बजाया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है, इसलिए उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। 5 अक्टूबर से शुरू हुआ विरोध, अब अनिश्चितकालीन धरना संघ के जिलाध्यक्ष राज आर्यन अग्निहोत्री ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 5 अक्टूबर से हुई थी। 5 से 7 अक्टूबर तक कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक धरना दिया गया। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को रोक लिया गया, जबकि कुछ लखनऊ पहुंच गए। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दो मुख्य मांगें, इमरजेंसी सेवाएं भी बंद करने की चेतावनी धरने पर बैठीं शाहिना बानो ने बताया कि कर्मचारियों की दो प्रमुख मांगें हैं। इनमें समान काम-समान वेतन और नियमितीकरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लखनऊ में भी अपनी मांगों को लेकर धरना दे चुके हैं और जरूरत पड़ने पर दोबारा वहां जाएंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि फिलहाल संविदा कर्मचारी इमरजेंसी में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में इमरजेंसी सेवाओं से भी पीछे हटने का निर्णय लिया जा सकता है। बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद सीएमओ कार्यालय परिसर में हुए धरने के दौरान कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री राखी शाहिद समेत बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User