अयोध्या में दुर्गा-प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार:शिव कुमार प्रजापति दिन-रात कर रहे काम, 4 दिन बाद होगी 115 मूर्तियों की रवानगी

Oct 05, 2026 - 14:58
0
अयोध्या में दुर्गा-प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार:शिव कुमार प्रजापति दिन-रात कर रहे काम, 4 दिन बाद होगी 115 मूर्तियों की रवानगी
अयोध्या में दुर्गा पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक मां दुर्गा की प्रतिमाओं की मांग बढ़ गई है। मूर्तिकार मां अम्बे, मां काली , गणेश लक्ष्मी और विशाल महिषासुरमर्दिनि समेत विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में दिन-रात जुटे हैं। प्रतिमाओं में रंग भरने, मां की आंखें उकेरने और चुनरी व गहनों से सजावट का काम तेजी से चल रहा है। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के पारा धमथुआ गांव में मूर्ति कलाकार शिव कुमार प्रजापति ने सोमवार को बताया कि वह पिछले दो वर्षों से पारा धमथुआ गांव में मूर्तियां तैयार कर रहे हैं। इस बार उन्होंने बड़ी 35 और छोटी 80 समेत कुल 115 प्रतिमाएं तैयार की हैं। सभी प्रतिमाओं का पहले से ऑर्डर मिल चुका है। मांग अधिक होने के कारण करीब दर्जनभर लोगों को मूर्ति देने से मना करना पड़ा। जब वे लोग ऑर्डर देने पहुंचे, तब तक प्रतिमाएं तैयार करने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा था। शिवकुमार ने बताया कि एक प्रतिमा को तैयार करने में काफी समय लगता है। इस बार करीब चार महीने पहले से प्रतिमाएं बनाने का काम शुरू किया गया था। मिट्टी से आकार देने के बाद अब रंग-रोगन, आंखें उकेरने और सजावट का अंतिम चरण चल रहा है। प्रतिमाओं को आकर्षक बनाने के लिए चुनरी, मुकुट और आभूषण लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब 30 छोटी-बड़ी प्रतिमाएं तैयार की गई थीं। लोगों को प्रतिमाएं पसंद आने के बाद इस वर्ष मांग बढ़ गई, जिसके चलते पहले की तुलना में अधिक प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। हालांकि समय कम होने के कारण अतिरिक्त ऑर्डर नहीं लिए जा सके। मूर्तिकार के अनुसार 10 अक्टूबर से तैयार प्रतिमाओं की रवानगी शुरू हो जाएगी। अब उनके पास काम पूरा करने के लिए करीब चार दिन ही शेष हैं। समय कम होने के कारण कार्य में और तेजी लाई गई है। कार्यशाला में दिन-रात प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है, ताकि निर्धारित समय पर सभी ऑर्डर पूरे कर प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User