अयोध्या में लापता युवती बरामद:परिजनों ने 14 साल बताई थी उम्र, 22 साल की निकली; पुलिस ने अपहरण का केस किया था
अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र से लापता हुई एक किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। परिजनों ने उसकी उम्र 14 साल बताई थी, लेकिन मेडिकल जांच में वह 22 साल की निकली है। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने मंगलवार 13 अक्टूबर को बताया कि युवती को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए गए हैं। अब कोर्ट में दिए बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पटरंगा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 10 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी लापता हो गई है। पिता ने गांव के युवक महावीर पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। पिता के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उनकी बेटी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश के बाद भी पता न चलने पर पिता ने पटरंगा थाने में शिकायत की। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए दो टीमें लगाईं और उसे बरामद कर लिया। इसके बाद नियमों के मुताबिक मेडिकल जांच कराई गई और कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)