अयोध्या में मां-कालरात्रि की आराधना:ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 200 स्थानों पर भंडारे और प्रसाद का वितरण हुआ

Oct 17, 2026 - 12:04
0
अयोध्या में मां-कालरात्रि की आराधना:ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 200 स्थानों पर भंडारे और प्रसाद का वितरण हुआ
अयोध्या में शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को जनपद के देवी मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। कुमारगंज, खंडासा, अमानीगंज, बहादुरगंज, बाबा बाजार, सैदपुर, अमरगंज, तरौली, पूरब गांव, धरमगंज, कोछा बाजार, बीकापुर, सोहावल, शाहगंज, गोसाईगंज, मया बाजार और पूरा बाजार समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिरों और पंडालों में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। इस दौरान मां काली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां कालरात्रि दुर्गा की सातवीं शक्ति हैं। उनका स्वरूप अत्यंत उग्र और प्रभावशाली है, लेकिन भक्तों के लिए वे कल्याणकारी मानी जाती हैं। इसी कारण उन्हें शुभंकरी भी कहा जाता है। मान्यता है कि मां कालरात्रि की आराधना से भय और नकारात्मकता से लड़ने का साहस मिलता है तथा विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास बढ़ता है। मां कालरात्रि का रंग घने अंधकार के समान काला, बाल खुले और तीन नेत्र हैं। उनके गले में बिजली जैसी चमक वाली माला सुशोभित रहती है। देवी के चार हाथों में से दो अभय और वर मुद्रा में हैं, जबकि अन्य हाथों में अस्त्र धारण किए हुए हैं। उनका वाहन गर्दभ यानी गधा है। धार्मिक कथाओं में देवी को दुष्ट शक्तियों का संहार करने वाली बताया गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां कालरात्रि ने रक्तबीज, चंड और मुंड जैसे राक्षसों का वध किया था। रक्तबीज को वरदान था कि उसके रक्त की प्रत्येक बूंद धरती पर गिरने से नया राक्षस पैदा हो जाता था। देवी ने उसका रक्त जमीन पर गिरने से पहले ही अपने मुख में ग्रहण कर उसका संहार किया। नवरात्र के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने मां को गुड़ और गुड़ से बनी वस्तुओं का भोग अर्पित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 200 स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए है। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ माता रानी से परिवार की सुख-शांति और जनकल्याण की प्रार्थना कर रहे है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User