अयोध्या में मां महागौरी के दर्शन को उमड़ी भीड़:3000 स्थानों पर स्थापित हुई है मां दुर्गा की प्रतिमाएं

Oct 18, 2026 - 12:37
0
अयोध्या में मां महागौरी के दर्शन को उमड़ी भीड़:3000 स्थानों पर स्थापित हुई है मां दुर्गा की प्रतिमाएं
अयोध्या में शारदीय नवरात्र के आठवें दिन रविवार को जनपद में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही देवी मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। जिले में करीब 3000 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां पूजा-पाठ और आरती के माध्यम से भक्त माता रानी की आराधना कर रहे हैं। पूरे जिले में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। भोर चार बजे से ही मां कामाख्या धाम, जलपा देवी मंदिर, चतुर्भुजी मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर, काली माता मंदिर और आदिशक्ति माता मंदिर समेत विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने माता रानी को पुष्प, नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दुर्गा पूजा पंडालों में भी सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है। नवरात्र की तिथि को लेकर श्रद्धालुओं में अलग-अलग मान्यताएं भी देखने को मिलीं। कुछ भक्तों ने रविवार को महाष्टमी का व्रत रखकर मां महागौरी की पूजा की, जबकि कुछ श्रद्धालु रविवार को महानवमी मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कठिन तपस्या से मिला महागौरी नाम धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी ने कठिन तपस्या के बाद गौर वर्ण प्राप्त किया था। इसी कारण उन्हें महागौरी कहा जाता है। उनका स्वरूप अत्यंत शांत, सौम्य और मनमोहक माना गया है। देवी के वस्त्र और आभूषण श्वेत हैं तथा उनका वाहन बैल है। उनकी चार भुजाएं हैं। दाहिनी ओर के ऊपरी हाथ में अभय मुद्रा और निचले हाथ में त्रिशूल, जबकि बाईं ओर के ऊपरी हाथ में डमरू और निचले हाथ में वर मुद्रा सुशोभित है। पूजा से सुख-समृद्धि की कामना धार्मिक मान्यता है कि मां महागौरी की आराधना से मन की शुद्धता, सकारात्मकता और एकाग्रता बढ़ती है। भक्त माता रानी से जीवन के कष्ट दूर करने, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। नवरात्र के अवसर पर मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User