अयोध्या में निकली मां दुर्गा की ज्योति यात्रा:गायत्री नगर से शुरू होकर रानीबाजार, पटरंगा मंडी और लोधपुरवा से गुजरी, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अयोध्या जिले के पटरंगा क्षेत्र के गायत्री नगर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी द्वारा सजाए गए मां दुर्गा के भव्य पंडाल से शाम मां दुर्गा की ज्योति यात्रा धूमधाम से निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों के बीच शुरू हुई इस दिव्य यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। "जय माता दी" के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हाथों में ज्योति कलश लिए श्रद्धालु नंगे पांव यात्रा में चल रहे थे। यह पावन ज्योति यात्रा गायत्री नगर से प्रारंभ होकर रानीबाजार, पटरंगा मंडी और लोधपुरवा सहित कई प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से ज्योति का स्वागत किया और आरती उतारी। भ्रमण के बाद ज्योति यात्रा वापस मां दुर्गा के दरबार देर रात में पहुंची। वहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने मां के समक्ष अपने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। आरती के पश्चात देर रात भव्य जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में कलाकारों ने देवी गीतों और भजनों की प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु पूरी रात भक्ति में झूमते रहे। इस आयोजन ने पूरे पटरंगा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया है। ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी के इस प्रयास की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)