अयोध्या में प्रताड़ना से परेशान महिला ने सुसाइड किया:पति की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र के डेमा मांझगांव में महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग उसकी पत्नी को आए दिन प्रताड़ित करते थे। उसके साथ गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। इससे परेशान होकर उसने 9 अक्टूबर को अमरूद के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पति की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मांझगांव निवासी ओमप्रकाश यादव पुत्र स्वर्गीय रामकुमार ने कुमारगंज थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी नीलम को गांव के चंद्रप्रकाश यादव, उसकी पत्नी ज्ञाना यादव, पुत्र उमेश यादव, हरिप्रकाश की पत्नी पुष्पा, उसके पुत्र रुपेश और सत्यप्रकाश यादव की पत्नी गीता यादव कथित तौर पर आए दिन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि सभी लोग नीलम के साथ गाली-गलौज करते और जान से मारने की धमकी देते थे। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि पति के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर नीलम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। इसके बाद पति ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने सोमवार, 12 अक्टूबर को बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)