अयोध्या में सॉफ्टवेयर इंजीनियर को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटा:दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल समेत सारा सामान बरामद
अंबेडकरनगर में अयोध्या एयरपोर्ट से घर लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाले दो आरोपियों को इब्राहिमपुर पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। आरोपियों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी अपाचे मोटरसाइकिल और 19 ग्राम नशीला डायजापाम पाउडर भी मिला है। एसपी प्राची सिंह ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। घर छोड़ने का झांसा देकर रास्ते में पिलाई नशीली चाय पुलिस के अनुसार, हंसवर थाना क्षेत्र के मूंसेपुर कलां निवासी अंकित कुमार बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। 15 अक्टूबर को अयोध्या एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतरने के बाद वह टैक्सी से देवकाली बाईपास पहुंचे थे। घर जाने के लिए वाहन का इंतजार करते समय अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके पास आए। दोनों ने खुद को बसखारी का निवासी बताया और मोटरसाइकिल से घर छोड़ने का भरोसा दिया। रास्ते में चाय पिलाने के बहाने उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। बेहोश होने पर आरोपी अंकित को इब्राहिमपुर क्षेत्र के मठिया गांव के पास छोड़कर उनका सामान लेकर फरार हो गए। होश आने पर अंकित ने परिजनों और डायल 112 को सूचना दी। उनकी तहरीर पर 15 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया। नाम बदलकर करते थे वारदात, 24 घंटे में गिरफ्तारी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के हतवा गांव निवासी भोला उर्फ उमेश केवट (28) और अशोक उर्फ मैनू उर्फ रामनारायन (32) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करते थे। मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने के साथ ही इंजन नंबर भी खुरच देते थे। लैपटॉप, आईपैड और नशीला पाउडर बरामद आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, चार्जर, एक आईपैड, दो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, कपड़े, ट्रॉली बैग और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी अपाचे मोटरसाइकिल और 19 ग्राम डायजापाम पाउडर भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नवाबगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके खिलाफ गोंडा, बस्ती, बहराइच, अयोध्या और बलरामपुर समेत कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)