अयोध्या में ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 की मौत:तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी; 3 गंभीर घायल, लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे

Oct 07, 2026 - 07:58
0
अयोध्या में ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 की मौत:तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी; 3 गंभीर घायल, लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे
अयोध्या में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार अर्टिगा आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर घायल हुए हैं। यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से कुमारगंज के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया। हादसा माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। कार सवार सभी छह लोग लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे और घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे। तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी जानकारी के अनुसार अर्टिगा में छह लोग सवार थे। सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23) पुत्र नंदजी यादव, तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) पुत्र बृदुल यादव और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) पुत्र जनार्दन शर्मा शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को यूपीडा के सुरक्षाकर्मी एंबुलेंस से अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचकर चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने भी घटना की जानकारी ली। सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी, नींद में थे घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। लखनऊ में खेलकर वापस देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे। उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जयंतो ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे। उनके साथ नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी थे। तीनों देवरिया के निवासी बताए गए हैं और हादसे में उनकी मौत हो गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User