अयोध्या में त्योहार से पहले बढ़ी भीड़:पितृपक्ष और वीकेंड पर बड़ी संख्या में राम लला का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं, दीपोत्सव तक कारोबार में और उछाल की उम्मीद

Oct 04, 2026 - 11:48
0
अयोध्या में त्योहार से पहले बढ़ी भीड़:पितृपक्ष और वीकेंड पर बड़ी संख्या में राम लला का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं, दीपोत्सव तक कारोबार में और उछाल की उम्मीद
अयोध्या में शारदीय नवरात्रि, दशहरा और दीपोत्सव से पहले ही रामनगरी में रौनक लौट आई है। पितृपक्ष से देश के कोने-कोने से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रामपथ से लेकर राम जन्मभूमि परिसर और प्रमुख मंदिरों तक भक्तों की भीड़ नजर आने लगी है। बढ़ती भीड़ से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। जानकारों के मुताबिक अब दीपोत्सव तक अयोध्या के बाजार का कारोबार लगातार बढ़ने की उम्मीद है। रामपथ पर इन दिनों श्रद्धालुओं का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। हाथों में भगवा ध्वज और जुबां पर जय श्रीराम के जयकारे हैं। श्रद्धालुओं के जत्थे भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालु अपने क्षेत्र की भाषा में भजन और धार्मिक गीत गा रहे हैं। कई जत्थे स्पीकर पर भक्ति संगीत बजाते हुए चल रहे हैं। इससे रामपथ का माहौल भक्तिमय होने के साथ उत्सव जैसा नजर आ रहा है। पिछले महीने की तुलना में करीब दोगुनी हुई भीड़ पिछले महीने राम जन्मभूमि मंदिर में रोजाना करीब 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन करने की बात सामने आ रही थी। अब यह संख्या करीब दोगुनी होने लगी है। खास बात यह है कि 30 से 50 लोगों के समूह में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जत्थों में पहुंच रहे हैं। प्रसाद से होटल तक कारोबार में तेजी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर अयोध्या के छोटे से लेकर बड़े कारोबार पर दिखाई देने लगा है। प्रसाद, फूल-माला, रामनामी वस्त्र, धार्मिक पुस्तकें और खिलौनों की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। होटल, धर्मशाला, होमस्टे, रेस्टोरेंट, ऑटो और ई-रिक्शा कारोबारियों को भी बढ़ती भीड़ का फायदा मिल रहा है। होमस्टे संचालक प्रतीक श्रीवास्तव बताते हैं कि उनके यहां इस महीने की 16 तारीख तक सभी पांच कमरे बुक हैं। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के आसपास के होटल, होमस्टे और धर्मशालाओं में भी अच्छी बुकिंग चल रही है। होटल और रेस्टोरेंट संचालक सरदार कमलजीत सिंह, मोहन दुबे, अनूप गुप्ता और अचल का कहना है कि त्योहारों के सीजन से कारोबारियों को काफी उम्मीद है। दीपोत्सव तक श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इससे कारोबार में भी और तेजी आने की उम्मीद है। रामलला के साथ आसपास के मंदिरों में भी पहुंच रहे श्रद्धालु रामलला के दर्शन के बाद श्रद्धालु हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू आरती के लिए भी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या के करीब 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित पौराणिक और ऐतिहासिक मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। इससे स्थानीय परिवहन, खान-पान और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी सीधा फायदा मिल रहा है। त्योहारों से पहले अयोध्या में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ ने कारोबारियों को भी बड़ी उम्मीद दी है। पितृपक्ष से शुरू हुई यह रौनक अब नवरात्रि, दशहरा और दीपोत्सव के साथ और बढ़ने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User