अयोध्या पहुंचे एक्टर राजपाल यादव:बोले- राम नगरी से 25 साल पुराना नाता, अब 2500 शिवलिंग की करेंगे स्थापना
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राजपाल यादव शुक्रवार शाम अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राममंदिर में रामलला के दर्शन किए। विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में उन्होंने करीब 40 मिनट बिताए। राजपाल यादव अयोध्या में रात्रि विश्राम भी करेंगे। राजपाल यादव ने कहा कि अयोध्या से उनका नाता करीब 25 साल पुराना है। उनके पूज्य दद्दा उनके गुरु थे। वे वर्ष 2020 में ब्रह्मलीन हो गए। राजपाल यादव ने बताया कि दद्दा जब भी अयोध्या आते थे, उन्हें भी यहां आने और दर्शन करने का सौभाग्य मिलता था। उन्होंने कहा कि इस बार की अयोध्या उन्हें अलग नजर आ रही है। राममंदिर निर्माण के बाद यहां का स्वरूप काफी बदल गया है। उन्होंने अपने दद्दा की साधना और अयोध्या से उनके जुड़ाव को भी याद किया। दद्दा करते थे शिवलिंग निर्माण राजपाल यादव ने बताया कि उनके दद्दा विश्व कल्याण के लिए शिवलिंग का निर्माण करवाते थे। शिवलिंग निर्माण के साथ वे भगवान श्रीराम के चरणों का ध्यान करते थे। दद्दा की प्रेरणा से 132 कथाओं का आयोजन भी किया गया। इनमें श्रीराम के आचरण और श्रीकृष्ण की भागवत कथा का संयोग देखने को मिलता था। भक्तमाल आश्रम में बन रहे 2500 शिवलिंग राजपाल यादव ने बताया कि अब अयोध्या में 2500 शिवलिंग निर्माण का काम कराया जा रहा है। भक्तमाल आश्रम में यह काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि अयोध्या में भी शिवलिंग निर्माण हो। अब यह काम उनके दद्दा की इच्छा के अनुरूप विश्व कल्याण के लिए कराया जा रहा है। रामदरबार में भी टेका माथा राजपाल यादव शाम करीब 7 बजे राममंदिर पहुंचे। उन्होंने रामलला के दर्शन किए। रामदरबार में भी माथा टेका। इसके बाद परकोटे और परिसर के अन्य मंदिरों के दर्शन किए। करीब 40 मिनट बाद वे हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां बजरंगबली का दर्शन-पूजन किया। हनुमानगढ़ी में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास महाराज ने उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद उन्हें रामलला और हनुमानजी की प्रतिमा तथा रामनामा भेंट किया गया। राजपाल यादव ने अयोध्या में रात्रि विश्राम करने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)