अयोध्यावासियों को भी रामलला के दर्शन में मिलेगी राहत:धार्मिक समिति ने मंदिर ट्रस्ट के पास प्रस्ताव भेजा,2 दिसंबर की बैठक में फैसला होने की उम्मीद
राम मंदिर के नित्य दर्शनार्थी अयोध्यावासी गृहस्थों व संतो के लिए आम श्रद्धालुओं व पास धारकों से अलग दर्शन मार्ग निर्धारित करने की मांग पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है। राम मंदिर की धार्मिक समिति ने मंदिर ट्रस्ट के पास प्रस्ताव भेज दिया है। इस पर आगामी ,2 दिसंबर की बैठक में फैसला होने की उम्मीद है। दो लेन सुगम व विशिष्ट पास धारकों के आरक्षित हैं
धार्मिक न्यास समिति के एक संत ने अपना नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि राम मंदिर में दर्शन के लिए आठ लेन प्रांगण में मौजूद स्थान के अनुसार निर्धारित की गयी है। इसमें दो लेन सुगम व विशिष्ट पास धारकों के आरक्षित हैं और पास धारकों के प्रवेश व निकास का मार्ग भी अलग-अलग तय है। संत-महंतो को रंगमहल बैरियर से प्रवेश कराने पर विचार हो रहा उन्होंने बताया कि जो भी व्यवस्था बनेगी, वह इसके अनुरूप ही बनाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रवेश और निकास को लेकर फौरी चर्चा की गयी थी। बताया गया कि यह सुझाव आया कि अयोध्या के सभी संत-महंतो को रंगमहल बैरियर से प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा गृहस्थों को सुगम दर्शन के पास धारकों के निर्धारित मार्ग जो कि अमावा राम मंदिर के बगल से है, से प्रवेश दे दिया जाए।
अयोध्यावासियों को आधार कार्ड के आधार पर प्रवेश पर चल रहा मंथन:
अयोध्या। राम मंदिर में अयोध्यावासियों को उनके आधार कार्ड की जांच कर सीधे प्रवेश देने के विषय पर मंथन चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा से सम्बन्धित इस विषय में पुलिस व प्रशासन की राय महत्वपूर्ण होगी। दूसरा यह कि ट्रस्ट के द्वारा यह आकलन भी कराया जा रहा है कि नयी व्यवस्था देने पर अयोध्या के स्थानीय वाशिंदे साधु-संत व गृहस्थों की कितनी संख्या प्रतिदिन रामलला का दर्शन कर सकती है। इसके अनुमान का आधार यह माह के लिए निर्गत किए गये दैनिक पास के जरिए किया जा रहा है। बताया गया कि यह आकलन होने के बाद ही कोई फैसला होगा।
राम मंदिर में नित्य दर्शन के लिए जारी किए पास का हो रहा नवीनीकरण
राम मंदिर ट्रस्ट के पास प्रभारी नरेंद्र का कहना है कि आरम्भ से लेकर अब तक राम मंदिर में नित्य दर्शन के लिए कुल 2793 दैनिक पास जारी किए गए थे। यह सभी पास छह माह के लिए वैध थे। फिलहाल इन सभी दैनिक पास का नवीनीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवीनीकरण की सूचना सभी पास धारकों को मोबाइल पर भेजी गयी है। इसके लिए राम मंदिर परिसर में स्थित तीर्थ यात्री सेवा केंद्र में काउंटर खोला गया है। यहां अलग-अलग दिनों में लोग आकर पास का नवीनीकरण करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई पास निरस्त नहीं किया गया है। बताया गया कि नवीनीकरण के उपरांत नये दैनिक पास जारी करने पर विचार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)