बादाम-काजू से सजा था राम का रथ:बारातियों ने नोच कर खाया,वीडियो वायरल,भक्त बोले - ये तो प्रसाद है
आगरा शहर में मंगलवार को भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। हर साल की तरह इस बार भी राम बारात में भक्तों का सैलाब उमड़ा। बारात में करीब 200 झांकियां शामिल थीं। अलग-अलग तरह से भगवान के रथों को सजाया गया था। फूलों, लाइटों और झालरों से सजे रथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। लेकिन इस बारात में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा ड्राईफ्रूट से सजा श्रीराम का रथ। इस रथ को खास तौर पर मेवाओं से सजाया गया था। रथ पर मखाने, बादाम, काजू, किशमिश, इलायची, अखरोट सहित तमाम तरह के ड्राईफ्रूट लगाए गए थे। दूर से देखने पर रथ बेहद खूबसूरत और शाही लग रहा था। लोग इसे देखने के लिए रुक-रुक कर फोटो और वीडियो बना रहे थे। लेकिन बारात जैसे-जैसे आगे बढ़ी, रथ के साथ एक अजब नजारा देखने को मिला। बारात में शामिल कुछ लोगों ने रथ पर लगे बादाम, काजू, मखाने और अन्य मेवों को तोड़-तोड़ कर खाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते रथ पर लगे मेवे कम होने लगे। इसका वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग रथ पर हाथ मारकर मेवे छुड़ा रहे हैं और खा रहे हैं। अब इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग कमेंट कर रहे हैं कि भगवान के रथ पर लगे ड्राईफ्रूट को इस तरह नहीं खाना चाहिए था। यह गलत है। इससे भगवान के रथ का अपमान होता है। वहीं, कुछ लोग इसे दूसरे नजरिए से देख रहे हैं। उनका कहना है कि लोग इसे भगवान राम की बारात का प्रसाद समझकर खा रहे हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है। प्रसाद तो बांटने के लिए ही होता है। बताया जा रहा है कि सुबह जब तक बारात मिथिला नगरी तक पहुंची, तब तक रथ पर लगे सभी मेवे लोग लूटकर खा चुके थे। रथ पूरी तरह से खाली हो चुका था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)