बाढ़ के पानी में लापता-युवक का 24-घंटे बाद शव बरामद:सीतापुर में पत्नी का आरोप- चोर समझकर पत्थर मारे, पुलिस बोली- शराब के नशे में डूबा था

Oct 03, 2026 - 07:13
0
बाढ़ के पानी में लापता-युवक का 24-घंटे बाद शव बरामद:सीतापुर में पत्नी का आरोप- चोर समझकर पत्थर मारे, पुलिस बोली- शराब के नशे में डूबा था
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के लोनियनपुरवा मोहल्ले में बाढ़ के पानी में लापता हुए युवक मुनेंद्र कश्यप का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे झाड़ियों में फंसा मिला। पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोरों ने कई घंटे की तलाश के बाद शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। युवक गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कैंची पुल के पास गहरे पानी में लापता हो गया था। पत्नी ने मोहल्ले के लोगों पर चोर समझकर पति पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में बाढ़ के पानी में गया था और डूबने से उसकी मौत हुई। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। मुनेंद्र की पत्नी नेहा कश्यप के मुताबिक सरायन नदी का पानी बढ़ने से उनका पुराना मकान पहले ही बाढ़ की चपेट में आ चुका था। इसके चलते दोनों किराए के दूसरे मकान में रह रहे थे। गुरुवार रात मुनेंद्र पुराने घर की ओर जाने के लिए बाढ़ के पानी से होकर निकल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे चोर समझ लिया। पत्नी का आरोप है कि लोगों ने मुनेंद्र पर पत्थर फेंके, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया। घटना की सूचना पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पीएसी की द्वितीय बटालियन की बाढ़ राहत टीम मौके पर पहुंची और नाव व गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण अभियान में मुश्किलें आईं। टीम ने शुक्रवार देर रात झाड़ियों में फंसे मुनेंद्र के शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक के शराब के नशे में पानी में जाने की बात सामने आई है। वहीं पत्नी के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति और कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User