बागपत में 250 महिलाओं को सम्मान:51 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया
बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित गंगा रिसोर्ट में महिला सशक्तिकरण, कन्या पूजन और मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 250 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि 51 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, आत्मरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन के दौरान बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि नारी राष्ट्र की वास्तविक निर्मात्री है। एक शिक्षित और सशक्त महिला परिवार के साथ पूरे समाज के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।सीओ बागपत सुकन्या शर्मा ने महिलाओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी की स्थिति में महिलाएं पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता ले सकती हैं। अखंड ज्योति ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रियंका आर्य एडवोकेट ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ समान अवसर देना ही महिला सशक्तिकरण का वास्तविक उद्देश्य है। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, पुलिस, समाजसेवा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोज चहल, टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी सम्मान और महिला सुरक्षा का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)