बैरहना मेले में राधा कृष्ण की रास लीला बनी आकर्षण:रामदल धूमधाम से निकला, महापौर-विधायक ने आरती उतारी
दशहरा और नवरात्र के अवसर पर संगम नगरी में रामलीला की परंपराएं जीवंत हो रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को श्री रामलीला कमेटी मधवापुर, बैरहना की ओर से भव्य रामदल निकाला गया। गाजे-बाजे, आकर्षक रोशनी और सजीव झांकियों से सजी शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। राधा-कृष्ण की रासलीला मेले का मुख्य आकर्षण रही। पूजन और महाआरती के बाद निकली शोभायात्रा रामदल कमेटी के मुख्य संरक्षक शिवेंद्र मिश्रा ने बताया कि शोभायात्रा से पहले कमेटी के अध्यक्ष रामजी अग्रहरि के आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी और हनुमान जी के स्वरूपों की पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद महापौर और शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने भगवान के स्वरूपों की महाआरती उतारी। इस दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल राममय हो गया। पूजन के बाद शोभायात्रा निंबार्क आश्रम से रवाना हुई। यह बैरहना चौराहा, काल भैरव मंदिर, मधवापुर सब्जी मंडी और सिमेट्री रोड होते हुए क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रास्ते में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर रामदल का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, फल और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई। विद्युत चौकियों और रासलीला ने मोहा मन रामदल में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक विद्युत चौकियां सजाई गई थीं। इन पर कलाकारों ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। राधा-कृष्ण की रासलीला ने भी लोगों का ध्यान खींचा। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के महामंत्री राजू चौरसिया, कोषाध्यक्ष रत्नेश यादव, मुख्य संयोजक दिनेश गुप्ता और संरक्षक अजय बंसल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय रहे। शोभायात्रा के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)