बांदा में 19,743 स्नातक मतदाता करेंगे मतदान:इलाहाबाद-झांसी सीट पर 23 अक्टूबर को वोटिंग, चार सहायक बूथ भी बनेंगे
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की तैयारियां बांदा में तेज हो गई हैं। गुरुवार को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अमित आसेरी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। डीएम अमित आसेरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 22 सितंबर को विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित किया है। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी। नाम वापसी के लिए 9 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। बांदा जिले में इस चुनाव के लिए कुल 19,743 स्नातक मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 14,223 पुरुष और 5,520 महिला मतदाता शामिल हैं। साल 2020 के चुनाव में जिले में 18 मतदेय स्थल बनाए गए थे। इस बार 1,400 से ज्यादा मतदाताओं वाले चार केंद्रों पर सहायक बूथ बनाने का प्रस्ताव है। ये सहायक बूथ 173-अ, 182-अ, 188-अ और 189-अ होंगे। इनके जुड़ने के बाद जिले में कुल 22 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, सभी मतदेय स्थल सरकारी भवनों में बनाए गए हैं और एसडीएम स्तर से इनका भौतिक सत्यापन भी हो चुका है। डीएम ने बताया कि मतदेय स्थलों को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक 19 सितंबर को हुई थी। दलों को बूथों के संबंध में सुझाव या आपत्ति देने के लिए 23 सितंबर तक लिखित आवेदन देने का समय दिया गया था। आयोग के निर्देश के मुताबिक, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर उत्तर प्रदेश के बाकी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व समेत संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)