कौशांबी मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत:नर्सों के प्रदर्शन के दौरान तबीयत बिगड़ने का आरोप, CMS बोले- पॉइजनिंग से हुई मौत
कौशांबी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को स्टाफ नर्सों के प्रदर्शन के दौरान एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद महिला को समय पर इलाज नहीं मिल सका। घटना के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों को समय पर इलाज मिलने को लेकर सवाल उठे हैं। 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाई गई थी महिला कड़ाधाम थाना क्षेत्र के बारा हवेली खास गांव निवासी फूलमती देवी (40) को 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे 108 एंबुलेंस से सीएचसी सिराथू से मेडिकल कॉलेज लाया गया था। परिजन दुबलेश के मुताबिक, उन्होंने डॉक्टरों से महिला का तत्काल इलाज शुरू करने की गुहार लगाई थी। परिजन का आरोप है कि इसी दौरान मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्सें प्रदर्शन कर रही थीं। उनका दावा है कि प्रदर्शन के चलते महिला को समय पर इलाज नहीं मिल पाया। तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद फूलमती देवी की मौत हो गई। CMS बोले- सभी सेवाएं सामान्य रहीं मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. पंकज ने बताया कि स्टाफ नर्सों ने अस्पताल के गेट पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया था। हालांकि, इमरजेंसी, ओपीडी और इनडोर वार्ड की सभी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं पर प्रदर्शन का कोई असर नहीं पड़ा। CMS के मुताबिक, महिला की मौत पॉइजनिंग के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि महिला को पूरा इलाज दिया गया था और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। अस्पताल में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहा। घटना की सूचना के बाद गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे संबंधित थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के इलाज में देरी के आरोप और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के लापरवाही से इनकार के बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई से मौत की परिस्थितियों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)