बांदा में सखी कैडर ने मानदेय बढ़ाने की मांग की:जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 2 हजार में बच्चों का खर्च कैसे चलेगा
बांदा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत काम कर रहीं समूह सखी, स्वास्थ्य सखी और आजीविका सखी के मानदेय समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को दोपहर 12:45 पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने प्रदेश सरकार पर महिलाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सखी कैडर को महज 2 हजार रुपए मानदेय दिया जा रहा है, जबकि उनसे काफी काम लिया जाता है। शालिनी पटेल ने कहा कि समूह सखी गांव-गांव जाकर महिलाओं के समूह बनाती हैं और सरकार की योजनाओं के लिए काम करती हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। उन्होंने सवाल उठाया कि 2 हजार रुपए में महिलाएं अपने बच्चों की फीस, इलाज, किराया और परिवार का खर्च कैसे चला पाएंगी। उन्होंने बिहार सरकार की योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां महिलाओं को उद्योग लगाने और आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार को भी महिलाओं के लिए उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक मदद देनी चाहिए। शालिनी पटेल ने अधिकारियों पर महिलाओं की समस्याएं नहीं सुनने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सखी कैडर की महिलाएं ज्ञापन देने डीएम के पास गई थीं। एडीएम ने ज्ञापन लिया और पांच महिलाओं को बुलाने की बात कही, लेकिन डीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी छात्रों और दूसरे संगठनों से मिल रहे हैं तो महिलाओं से मिलने में क्या परेशानी है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं सरकार बनाने और सरकार गिराने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रदर्शन में मौजूद महिलाओं से पूछा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो क्या वे 2027 में वोट करेंगी। इस पर महिलाओं ने वोट न करने की बात कही।हालांकि यह शालिनी पटेल का राजनीतिक बयान है। उन्होंने ऐलान किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे मंडलायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस दिन बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचेंगी और वह अपनी पूरी टीम के साथ उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान महिलाओं पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ी तो वह खुद लाठी खाने के लिए तैयार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)