बांदा में सर्पदंश से भाई-बहन की मौत:देवी दर्शन के बाद रात में बिगड़ी थी तबीयत, जांच जारी
बांदा के मरका थाना क्षेत्र के पिंडारन गांव में देवी दर्शन कर घर लौटे भाई-बहन की संदिग्ध सर्पदंश से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन रविवार सुबह करीब 4 बजे दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए। दर्शन के दो घंटे बाद बिगड़ी तबीयत पिंडारन गांव निवासी जयकरन के बेटे मोहित उर्फ चुन्नू (13) और बेटी अनुपा (15) शनिवार रात करीब 10 बजे घर से 200 मीटर दूर देवी दर्शन करने गए थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों करीब दो घंटे बाद घर लौटे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। रास्ते में सर्पदंश की आशंका मृतकों के चाचा शिवबरन ने बताया कि देवी दर्शन से लौटने के बाद दोनों की तबीयत खराब हुई थी। आशंका है कि रास्ते में किसी सांप ने उन्हें काट लिया। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मोहित कक्षा छह और अनुपा कक्षा नौ में पढ़ते थे। दोनों छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता जयकरन अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही मां राजरानी समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मरका थाना प्रभारी सूबेदार बिंद ने बताया कि सर्पदंश की आशंका जताई गई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)