बांके बिहारी मंदिर में 16 मुद्दों पर मंथन:सेंट्रल AC लगाने पर बनी सहमति, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर भी हुई चर्चा

Oct 15, 2026 - 06:46
0
बांके बिहारी मंदिर में 16 मुद्दों पर मंथन:सेंट्रल AC लगाने पर बनी सहमति, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर भी हुई चर्चा
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बुधवार देर शाम हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 20वीं बैठक हुई। कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित कार्यालय में हुई बैठक में 16 मुद्दों पर चर्चा की गई। करीब दो घंटे चली बैठक में मंदिर के प्रसाद की नियमित जांच, मंदिर परिसर में सेंट्रल AC लगाने और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले लोगों पर कार्रवाई जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। परिसर में सेंट्रल AC लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा बैठक में मंदिर में मिलने वाले प्रसाद और आसपास प्रसाद के नाम पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित सैंपलिंग कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा मंदिर परिसर में सेंट्रल AC लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कमेटी सदस्य और राजभोग सेवायत रजत गोस्वामी ने कहा कि पिछली कई बैठकों में इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की मांग की। चांदी के सामान की जांच पर नहीं मिला जवाब बैठक में चांदी के सिंहासन, रथ और शेषनाग की जांच के लिए बनाई गई समिति की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्य हिमांशु गोस्वामी और रजत गोस्वामी ने कहा कि ये चांदी के सामान मंदिर की परंपरा का हिस्सा नहीं हैं। गोस्वामी समाज इनका इस्तेमाल फूल बंगला में झांकी के रूप में करता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत करने वाला पक्ष अब तक कमेटी के सामने पेश होकर अपना पक्ष नहीं रख पाया है। मंदिर के बाहर लपकों पर लगेगी रोक मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को बहलाकर अपने साथ ले जाने और परेशान करने वाले लपकों पर अंकुश लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। रजत गोस्वामी ने कहा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन पहले उनकी पहचान करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों पर तीर्थ पुरोहित पीढ़ियों से अपने यजमानों को दर्शन कराने और धार्मिक अनुष्ठान कराने का काम करते हैं। गोस्वामी समाज के सदस्य मौजूद न होने पर उनके कर्मचारी भी श्रद्धालुओं को दर्शन कराने ले जाते हैं। ऐसे में पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर कमेटी अध्यक्ष ने विचार करने का आश्वासन दिया। श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर हुई चर्चा बैठक के बाद कमेटी के सचिव और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि 20वीं बैठक में कई मुद्दों पर आपसी सहमति से चर्चा हुई। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक में कमेटी सदस्य रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, सिविल जज प्रत्यूष आनंद मिश्रा, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एएसआई की अधीक्षण अधिकारी डॉ. स्मिता एस. कुमार और शैलेंद्र गोस्वामी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User