बदायूं गन हाउस धमाके में घायल युवक ने दम तोड़ा:पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर बढ़ेंगी मुकदमे में धाराएं, गन हाउस मालिक अब तक फरार
बदायूं के इस्लामनगर के शिवम गन हाउस में विस्फोट से अमित कुमार सिंह की मौत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाएगी। विस्फोटक अधिनियम के तहत नामजद गन हाउस मालिक राजीव कुमार मित्तल घटना के बाद से फरार है। छह दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद अमित ने रविवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस्लामनगर के मेन बस स्टैंड चौराहे के पास 12 अक्टूबर को शिवम गन हाउस में सफाई और रखरखाव के दौरान विस्फोट हुआ था। हादसे में गांव सिठौली निवासी अमित कुमार सिंह (33), राजेश कुमार और शिव कुमार झुलस गए थे। अमित की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां बर्न वार्ड में वेंटिलेटर पर उनका उपचार चल रहा था। रविवार को उनकी मौत हो गई। अमित अपने पीछे पत्नी और आठ साल के बेटे को छोड़ गए हैं। विस्फोट के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच में गोदाम से करीब पांच किलो 380 ग्राम गंधक-पोटाश का मिश्रण बरामद हुआ था। जांच में सामने आया था कि गन हाउस का लाइसेंस होने के बावजूद गंधक-पोटाश से तैयार प्लास्टिक कारतूस रखने का लाइसेंस नहीं था। धमाका इतना तेज था कि गोदाम और गन हाउस की दीवार टूट गई थी, जबकि आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा था। अमित की मौत के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विस्फोट के मामले में नामजद राजीव कुमार मित्तल की गिरफ्तारी पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)