बदायूं में बारिश से 34 गोवंशों की मौत:दो पशु चिकित्साधिकारी और दो बीडीओ निलंबित, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर विभागीय कार्रवाई के आदेश

Oct 15, 2026 - 20:33
0
बदायूं में बारिश से 34 गोवंशों की मौत:दो पशु चिकित्साधिकारी और दो बीडीओ निलंबित, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर विभागीय कार्रवाई के आदेश
बदायूं में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के दौरान गोवंश की मौत के मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए दो पशु चिकित्साधिकारियों को निलंबित कर दिया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं, जबकि मंडलीय अपर निदेशक से 15 दिन में जवाब मांगा है। दोनों ब्लॉकों के बीडीओ के खिलाफ भी निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। दरअसल, अभिगांव गोशाला में 100 गोवंश रखने की क्षमता थी, लेकिन वहां 428 गोवंश संरक्षित थे। इसी तरह ब्यौर गोशाला की क्षमता 100 गोवंश की थी, जबकि वहां 223 गोवंश रखे गए थे। जांच में बारिश से बचाव के लिए अतिरिक्त शेड, अस्थायी शेड और तिरपाल जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की कमी सामने आई। शासन ने म्याऊं के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञानबीर सिंह और सालारपुर क्षेत्र के बिनावर में तैनात डॉ. सुमित कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों को निलंबन अवधि में पशुपालन निदेशालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम सिंह पर अधीनस्थ अधिकारियों की निगरानी नहीं करने, जरूरी निर्देश जारी नहीं करने और गोशाला संचालक संस्था के साथ एमओयू निरस्त करने से संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत नहीं करने के आरोप हैं। शासन ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। बरेली मंडल के अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. एमपी सिंह से गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का उचित अनुश्रवण नहीं करने के संबंध में जवाब मांगा गया है। उन्हें 15 दिन के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। म्याऊं के बीडीओ राकेश कुमार निराला और सालारपुर के बीडीओ नितिन कुमार के खिलाफ निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति ग्राम्य विकास विभाग को भेजी गई है। दोनों गोशालाओं का संचालन करने वाली शारदा जन कल्याण सेवा समिति, बिल्सी और जन कल्याण एवं विकास समिति, अलीगंज, लखनऊ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोनों संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट भी किया गया है। डीएम अवनीश राय ने बताया कि गोवंश प्रकरण में शासनास्तर पर रिपोर्ट भेजी थी, इसी के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User