बदायूं में दिव्यांगों को बांटे गए मुफ्त सहायक उपकरण:बीएल वर्मा बोले- आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कर रही प्रयास

Oct 09, 2026 - 16:21
0
बदायूं में दिव्यांगों को बांटे गए मुफ्त सहायक उपकरण:बीएल वर्मा बोले- आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कर रही प्रयास
बदायूं में शुक्रवार दोपहर 12 बजे दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से निशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए। किसी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिली तो किसी को ट्राइसाइकिल और सुनने की मशीन। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एमएलसी वागीश पाठक भी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों का जीवन आसान और सुगम बनाने के लिए देशभर में सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। 38 लाख से ज्यादा लोगों तक उपकरण पहुंचाने के लिए काम किया गया है। सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को जरूरत के मुताबिक सहायता मिले और वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि देशभर में 109 प्रधानमंत्री दिव्य सेवा केंद्र खोले गए हैं। ये केंद्र पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर लेह-लद्दाख, कारगिल और अंडमान-निकोबार तक बनाए गए हैं, ताकि दिव्यांगजनों को उपकरणों के लिए शिविरों का इंतजार न करना पड़े और उन्हें दूर न जाना पड़े। बीएल वर्मा ने बताया कि बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री दिव्य सेवा केंद्र बनाया गया है। दिव्यांगजन यहां जरूरत के अनुसार परीक्षण कराने के बाद सहायक उपकरण प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें उपकरणों के लिए आयोजित होने वाले शिविरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने भी दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए। इस दौरान एमएलसी वागीश पाठक समेत भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रवींद्र मोहन सक्सेना ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User