बदायूं में सीओ के नाम पर 1.40 लाख की वसूली:4 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट, भाजपा नेता बताकर लोगों पर प्रभाव जमाने का आरोप
बदायूं में नेताओं और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फोटो दिखाकर खुद को प्रभावशाली बताने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख रुपये वसूलने के मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तत्कालीन सीओ सिटी राहुल पाण्डेय के नाम का इस्तेमाल कर एक व्यक्ति पर दबाव बनाया था। मामले में अमन मयंक शर्मा, शिवकांत शर्मा, अजय शर्मा और अंकुर उपाध्याय को आरोपी बनाया गया है। नेताओं-अफसरों के साथ फोटो दिखाकर प्रभाव जमाने का आरोप पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों के बीच अपना प्रभाव बनाने के लिए सोशल मीडिया पर नेताओं, मंत्रियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें पोस्ट करते थे। इन्हीं तस्वीरों के जरिए वे खुद को सत्ता और प्रभावशाली लोगों के करीब बताकर लोगों पर रौब जमाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अमन मयंक शर्मा सोशल मीडिया पर कई प्रभावशाली लोगों के साथ अपनी तस्वीरें साझा करता था। पुलिस के अनुसार, इन तस्वीरों का इस्तेमाल लोगों का भरोसा हासिल करने और उन पर दबाव बनाने के लिए किया जाता था। सीओ के नाम पर दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के कैली गांव निवासी संतोष कुमार पाल की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सीओ सिटी राहुल पाण्डेय के नाम का हवाला देते हुए दुष्कर्म के एक मामले में फंसाने की धमकी दी और मामला निपटाने के नाम पर 1.40 लाख रुपये वसूले। अगस्त में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई में अमन मयंक शर्मा और अजय शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। बाद में जांच के दौरान शिवकांत शर्मा की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रकम भी बरामद की थी। एसएसपी कार्यालय के आसपास सक्रिय रहने का आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपी एसएसपी कार्यालय के आसपास आने वाले लोगों से संपर्क करते थे। वे खुद को प्रभावशाली बताकर विभिन्न मामलों में मदद कराने का दावा करते और अपनी राजनीतिक व प्रशासनिक पहुंच का हवाला देते थे। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद विवेचना पूरी कर चारों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। चार आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट पुलिस के अनुसार, चार्जशीट में अमन मयंक शर्मा निवासी मोहल्ला चौबे, थाना सदर कोतवाली, अजय शर्मा पुत्र हरि भगवान शर्मा निवासी बरा तेगदार, थाना सिविल लाइंस, शिवकांत शर्मा पुत्र जगदीश चंद्र शर्मा निवासी महरौली, थाना मूसाझाग और अंकुर उपाध्याय को आरोपी बनाया गया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के स्तर से होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)